Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 27 Nov 2026 913

आपदा प्रबंधन की खुली पोल,माॅक ड्रिल में 20 मिनट बाद पहंुची राहत टीम.

नैनीताल। नैनीताल का कमिश्नरी परिसर, ऐतिहासिक इमारतें और लकड़ी से बने भवन, जहां आग लगने की स्थिति में कुछ ही मिनटों की देरी बड़ा नुकसान कर सकती है। इसी खतरे को परखने के लिए बुधवार को मंडलायुक्त कार्यालय में अग्निकांड की एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। दोपहर 12 बजकर 17 मिनट पर कार्यालय से धुआं उठने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद आपातकालीन नंबर 1077 के जरिए फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीमों को अलर्ट किया गया।
मॉक ड्रिल में करीब 20 मिनट बाद फायर सेफ्टी और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। सबसे पहले बिजली की आपूर्ति बंद कराई गई। आग बुझाने की कार्रवाई की गई। अभ्यास के तहत आग में झुलसे दो कर्मचारियों और भगदड़ जैसी स्थिति में घायल हुए तीन अन्य कार्मिकों को बाहर निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। आसपास की इमारतों की सुरक्षा जांच और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की गई, लेकिन इस पूरे अभ्यास में सबसे महत्वपूर्ण बात आग बुझाने की कार्रवाई नहीं, बल्कि सामने आई व्यवस्थागत खामियां रहीं।
कमिश्नरी और जिला न्यायालय के पास लगे फायर हाइड्रेंट में पानी का दबाव कम मिला। वहीं सड़कों के ऊपर झूलते बिजली और दूसरे केबल के तारों के कारण दमकल का बड़ा वाहन कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच पाया।
खामियों पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल संस्थान को फायर हाइड्रेंट का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण कर दबाव की कमी दूर करने और संबंधित विभागों को झूलते तारों की जांच के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे इलाकों का आकलन करने को कहा कि जहां संकरी सड़कें और सीढ़ियां होने के कारण बड़े दमकल वाहन नहीं पहुंच सकते।