Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 09 Oct 2026 835

तंमचा लेकर पत्नी की हत्या करने की फिराक में घूम रहा युवक गिरफ्तार.

हरिद्वार। पत्नी से विवाद के चलते उसकी हत्या करने के इरादे से तमंचा लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को कनखल कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पुलिस को देखकर उसने बाइक स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के इरादे से तमंचा लेकर जाने की बात कही।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस की टीम जियापोता-जमालपुर रोड पर बन रहे नए फ्लाईओवर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति पुलिस को संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया क्योंकि मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस टीम को देखकर, आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान कृष्णवीर उर्फ बिट्टू पुत्र गजेंद्र सिंह निवासी खंजरपुर, मोदीनगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा है। उसकी पत्नी जगजीतपुर क्षेत्र में रहती है। आरोपी पत्नी से मिलने जाने की बात कह रहा था और उसने पुलिस को बताया कि वह पत्नी की हत्या करने के इरादे से तमंचा लेकर जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद तमंचे को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।