Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 06 Oct 2026 664

भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत.

हरिद्वार। बीती देर रात लक्सर-पुरकाजी रोड पर भैंसली वाला गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मिट्टी से भरे डंपर की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
 मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले एक परिवार के सात लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में अपने एक रिश्तेदार के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह खत्म होने के बाद देर रात सभी लोग वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। जैसे ही हादसे की सूचना मिलते ही पुरकाजी और लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची। मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय वर्मा के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। इस भीषण हादसे में 50 वर्षीय आदेश, उनकी दो बहनें 35 वर्षीय निशा और 37 वर्षीय राखी व आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
 वहीं, हादसे में आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और उनकी 6 वर्षीय छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर, मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
 इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लक्सर-पुरकाजी रोड पर दिन-रात अवैध मिट्टी खनन का कार्य चलता है और खनन सामग्री से भरे डंपर बेलगाम तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। इन डंपरों पर न तो कोई नंबर प्लेट ठीक से होती है और न ही ये यातायात नियमों का पालन करते हैं।