Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 11 Jun 2026 989

एसडीआरएफ जवान की सूझबूझ और साहस से बची श्रद्धालु की जान            .

 उत्तरकाशी। श्री गंगोत्री धाम में एसडीआरएफ जवान की सूझबूझ और साहस से श्रद्धालु की जान बची हैं। छत्तीसगढ़ के कबीर धाम जनपद से चारधाम यात्रा पर आए 77 वर्षीय बुजुर्ग श्रद्धालु श्री चंद्रहास सिंह आज 11 जून 2026 को श्री गंगोत्री धाम में स्नान के दौरान अचानक पैर फिसलने से भागीरथी नदी की मुख्य धारा के तेज बहाव में बह गए।
घटना के समय ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ जवान नवीन पोखरिया ने अदम्य साहस, तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए लाइव रिंग तथा पुलिस द्वारा पूर्व में नदी के आर-पार लगाए गए फंदायुक्त सुरक्षा रस्सियों की सहायता से नदी में छलांग लगाई और श्रद्धालु को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ जवान की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया तथा श्रद्धालु की जान बच गई। इस मानवीय एवं वीरतापूर्ण कार्य को देखकर मौके पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं तीर्थपुरोहितों ने उत्तराखण्ड पुलिस एवं एसडीआरएफ की प्रशंसा करते हुए जवानों के सम्मान में जयघोष किया गया।
श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों से अनुरोध है कि श्री गंगोत्री धाम में भागीरथी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी श्रद्धालु अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा गंगा घाटों के किनारों एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें नदी में उतरकर स्नान करने का प्रयास न करें। स्नान हेतु लोटे अथवा मग के माध्यम से गंगाजल लेकर स्नान करें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। आपकी सतर्कता और सहयोग ही आपकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेगा।