Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 15 Apr 2026 892

राज्यपाल के समक्ष ‘विधि सहयोगी’ एप का प्रस्तुतीकरण                     .

आमजन को मिलेगी सरल कानूनी सहायता
देहरादून 15 अप्रैल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) के समक्ष आज सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने ‘विधि सहयोगी’ मोबाइल एप का प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया गया कि ‘विधि सहयोगी’ एक एआई सक्षम मोबाइल एप है, जो आम लोगों को सरल भाषा में कानूनी जानकारी उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और विधिक सहायता तक पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। एप के माध्यम से उपयोगकर्ता कानूनी विषयों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, अध्ययन सामग्री हासिल कर सकेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अधिवक्ताओं से संपर्क भी कर सकेंगे। प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि भविष्य में इसमें ऑनलाइन परामर्श, केस ट्रैकिंग, दस्तावेज प्रबंधन और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। कुलपति ने बताया कि इसपर कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही इसकी लॉन्चिंग की जाएगी। राज्यपाल ने एप को तैयार करने वाली टीम एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवाचार समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्यपाल ने निर्देश दिए कि एप में समय-समय पर आवश्यक सुधार एवं अपडेट किए जाते रहें, ताकि इसकी उपयोगिता और प्रभावशीलता निरंतर बढ़ती रहे। उन्होंने इस एप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी बल दिया, जिससे अधिक से अधिक आमजन इसके बारे में जान सकें और इसका लाभ उठा सकें तथा लॉन्च से पूर्व लोगों की जागरूकता हेतु कार्यशालाएँ आयोजित करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल एवं अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी उपस्थित रहे।