Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 13 Apr 2026 857

जिलाधिकारी ने किया सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित.

चम्पावत। जनपद चम्पावत के तीन युवाओं का चयन कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा में हुआ है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जनपद के कोयाटी निवासी संदीप कुमार, पम्दा निवासी सौरभ जोशी एवं बाराकोट निवासी विमल सिंह अधिकारी का चयन विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर हुआ है। संदीप कुमार का चयन विदेश मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारीपद पर, सौरभ जोशी का चयन टैक्स असिस्टेंट पद पर तथा विमल सिंह अधिकारी का चयन रक्षा मंत्रालय के अधीन वित्तीय प्रबंधन एवं लेखांकनविभाग में ऑडिटर (लेखा परीक्षक) पद पर हुआ है। 
लोहाघाट विकासखंड के कोयाटी ग्राम पंचायत के सिमाड़ गांव निवासी संदीप कुमार ने कठिन परिश्रम और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता श्री पुष्कर राम टैक्सी चालक हैं तथा माता श्रीमती सरिता देवा गृहिणी हैं। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संदीप एवं उनकी माता सरिता देवा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनकी इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे युवा पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी।
इसी प्रकार बाराकोट ब्लॉक के पम्दा ग्राम पंचायत निवासी सौरभ जोशी, जो श्री नवल किशोर जोशी के पुत्र हैं, ने भी SSC CGL परीक्षा में सफलता प्राप्त कर टैक्स असिस्टेंट पद पर चयन हासिल किया है। जिलाधिकारी ने सौरभ जोशी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के युवाओं में अपार क्षमता है, आवश्यकता केवल सही दिशा और निरंतर प्रयास की है। उन्होंने अन्य युवाओं को भी इन सफल अभ्यर्थियों से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पनीराम, ललित भट्ट, महेश भट्ट, अजय नरियाल, मदन लाल, दीपक रंसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।