Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 17 Mar 2026 1038

बिजली विभाग का अवर अभियंता रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार                                 .

       देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक अवर अभियंता को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी अधिकारी उपभोक्ता से बिजली कनेक्शन और लोड बढ़ाने के नाम पर मोटी रकम मांग रहा था। मिली जानकारी के अनुसार आज सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की टीम ने जाल बिछाकर अतुल कुमार, अवर अभियंता, बिजली घर पथरी बाग 33/11 केवी, देहरादून को गिरफ्तार किया। आरोपी ने शिकायतकर्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन दिलाने और विद्युत भार बढ़ाने के एवज में 80,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले की सूचना सतर्कता टीम को दी, जिसके बाद टीम ने योजना बनाकर ट्रैप ऑपरेशन चलाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही अतुल कुमार ने रिश्वत की रकम ली, सतर्कता टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से उपभोक्ताओं से ऐसे ही अवैध वसूली कर रहा था और बिजली कनेक्शन के काम को जानबूझकर लटकाकर लोगों को परेशान करता था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सतर्कता टीम अब आरोपी के अन्य मामलों और संपत्ति की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है और रिश्वतखोरी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।