Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 11 Mar 2026 989

देहरादून मिलिट्री स्टेशन में स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित.

देहरादून। देहरादून मिलिट्री स्टेशन ने मिलिट्री हॉस्पिटल, देहरादून में विभिन्न स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत युवा बालिकाओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान, मेटाबोलिक स्क्रीनिंग तथा महिलाओं द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान से हुई। इसके साथ ही स्टेशन की महिलाओं ने एक पाक कला प्रतियोगिता में भी भाग लिया, जिसमें घर में  तैयार किए जाने वाले पौष्टिक व्यंजन पर विशेष जोर दिया गया। स्टेशन हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (एसएचओ) तथा फैमिली वेलफेयर सेंटर (एफडब्ल्यूसी), मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून के सहयोग से कुल 19 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन दी गई। यह सैन्य समुदाय में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सक्रिय पहल है। इस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्टेशन की आठ महिलाओं ने आगे बढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर फैमिली वेलफेयर सेंटर, मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया शर्मा द्वारा पाक कला प्रतियोगिता की तीन विजेता प्रतिभागियों तथा स्टेशन की तीन सर्वाधिक मेटाबोलिक रूप से फिट महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस आयोजनों के माध्यम से देहरादून मिलिट्री स्टेशन ने महिलाओं के स्वास्थ्य जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और उनके योगदान के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।