देहरादून 07 मार्च. राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को लोक भवन में उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की कॉफी टेबल बुक ‘‘समिट्सः द जर्नी ऑफ उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक’’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी।
कॉफी टेबल बुक ‘‘समिट्सः द जर्नी ऑफ उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक’’ में वर्ष 1983 से प्रारम्भ हुई क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की विरासत से लेकर वर्ष 2012 में उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के गठन तक की यात्रा, बैंक के विकास, वित्तीय समावेशन, तकनीकी नवाचार, स्वयं सहायता समूहों एवं महिला उद्यमियों के सशक्तीकरण सहित बैंक की उपलब्धियों और भविष्य की दृष्टि को संक्षेप में प्रस्तुत किया गया है। विमोचन के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि किसी भी संस्था की यात्रा का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। यह न केवल अतीत की उपलब्धियों को संरक्षित करता है, बल्कि भविष्य की दिशा को भी स्पष्ट करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक द्वारा प्रकाशित यह कॉफी टेबल बुक बैंक की स्थापना से लेकर अब तक की गौरवपूर्ण यात्रा, उसकी उपलब्धियों तथा समाज के प्रति उसके योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगी।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड एक पर्वतीय राज्य है, जहाँ भौगोलिक परिस्थितियाँ कई बार चुनौतीपूर्ण होती हैं। ऐसे क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दिशा में उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के प्रकाशनों के माध्यम से बैंक के कार्यों और उपलब्धियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि इस कॉफी टेबल बुक को प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, जिले के अधिकारियों तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़े लोगों तक भी पहुँचाया जाए, ताकि उन्हें बैंक की भूमिका और योगदान की जानकारी मिल सके। राज्यपाल ने उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कॉफी टेबल बुक न केवल बैंक की गौरवशाली यात्रा का सशक्त दस्तावेज बनेगी, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी सिद्ध होगी। इस अवसर पर उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के चेयरमैन हरि हर पटनायक, जीएम (प्रशासन) श्रीमती अमिता रतूड़ी, जीएम (नेटवर्क) श्रीमती भारती नौडियाल, जीएम (नेटवर्क एवं ऑडिट) राजीव प्रकाश एवं जीएम (विजिलेंस एवं आईटी) आशीष गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Breaking News
- स्थायी लोक अदालत में जनउपयोगी सेवाओं का तेजी से होता है निस्तारण
- काशीपुर में बर्थडे पार्टी में महिलाओं से छेड़छाड़ के विरोध पर फोड़ा सिर, कोतवाली में मुकदमा दर्ज
- भौतिक विज्ञान के शिक्षक को तरसे अटल उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थी
- बिल चुकाने पर तो बिजली मिल नहीं रही, मुफ्त में क्या देंगे, गर्मी में बत्ती गुल होने से लोग आक्रोशित
- एमबीपीजी कॉलेज में प्रवेश परीक्षा की तैयारियां तेज, ऑनलाइन पंजीकरण के साथ जमा होगी हार्ड कॉपी
- जघन्य अपराध के आधार पर राजेश गुलाटी की जमानत अर्जी निरस्त
- नशे में धुत चालक ने किया 50 यात्रियों की जान से खिलवाड़, पुलिस ने आरोपित को पकड़ा
- हड़ताल पर गए बिजली विभाग के कर्मचारी, गर्मी से लोग परेशान, पानी का भी संकट
- बनभूलपुर में एक हजार लोगों को नोटिस देकर जमीन खाली करने को कहा
- घर में घुसकर गनप्वाइंट पर महिला से दुष्कर्म का प्रयास, शोरा मचाने पर चेन छीनकर आरोपित फरार



jitendar nayyar







