Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 01 Mar 2025 1138

पानी की निकासी के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मैदान में.


पानी की निकासी के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मैदान में
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस 
देहरादून, 01 मार्च। काबीना मंत्री गणेश जोशी ने पानी की निकासी की समस्या के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिये कि पानी की निकासी का स्थायी समाधान कर अतिशीघ्र मुझे बताया जाए। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि अब इस कार्य के लिए मैं न तो चिट्टी लिखूंगा और न ही फोन करुंगा। बताते चले कि देहरादून के न्यू कैंट रोड़ में हाथीबड़कला स्थित काली मंदिर के पास बारिश के कारण नाले से क्षेत्रवासियों और राहगिरों को अत्यधिक दिक्कत हो रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले बरसात में इस नाले का पानी कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के आवास में भी घुस गया था, जहां रात्रि को ही नगर निगम द्वारा बड़ी मशक्कत के बाद पानी को खाली किया गया। गत दिवस मंदिर पहुंचे कैबिनेट मंत्री से मंदिर के पुजारी ने फिर यह समस्या बताई, जिसके बाद मंत्री ने शनिवार को जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और तत्काल समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर समस्या के स्थायी समाधान को लेकर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर जल्द से जल्द कार्ययोजना तैयार करने और समस्या का स्थायी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने न्यू कैंट रोड़ सड़क चौड़ीकरण को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया। मंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और जनता की सुविधा के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नमामि बंसल, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता मुकेश परमार सहित कई विभागीय अधिकारीगण एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।