Breaking News
kotha
post authorjitendar nayyar 08 Dec 2024 1077

बदला मौसम : हर्षिल में सीजन की पहली बर्फबारी.

बदला मौसम : हर्षिल में सीजन की पहली बर्फबारी
पहाड़ से मैदान तक दर्ज की गई तापमान में गिरावट 
देहरादून। उत्तराखंड में आज दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली। पहाड़ से मैदान तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड बढ़ गई है। हर्षिल घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। वहीं, यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में ठंडी हवाएं चली। यमुनोत्री धाम से लेकर यमुना घाटी में शीतलहर जारी है। यहां माइनस 5 डिग्री तापमान पहुंच गया है। देर शाम यहां भी हल्की बर्फबारी हुई। उधर, आसपास की सहायक नदी, प्राकृतिक झरने जम गए हैं। गरुड़ गंगा में भी पानी जम गया है। वहीं, केदारनाथ में भी मौसम खराब हो गया है। चमोली जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार को देर शाम बर्फबारी हुई, जबकि बदरीनाथ धाम में बूंदाबांदी होने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बदरीनाथ में मास्टर प्लान के काम भी ठंड से प्रभावित हो रहे हैं। जिले के निचले क्षेत्रों में भी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पहाड़ों की रानी मसूरी में रविवार को सुबह चटक धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और शहर में ठंडी हवा के साथ घने बादल छा गए। इससे शहर में कड़ाके की ठंड हो गई, तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शहर में साढ़े चार बजे अधिकतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने ऊंचाई वाले इलाकों में आठ और नौ दिसंबर को हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार जताए हैं। इसके चलते प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान गिरने से ठिठुरन और भी बढ़ सकती है। हालांकि 10 दिसंबर के बाद प्रदेशभर में फिर मौसम शुष्क हो जाएगा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के चलते अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक ठिठुरन बढ़ सकती है।